भ्रामकता से सत्य की ओर

भारत में हमने शास्त्रों का बहुत सम्मान किया है जिसके कारण हमने लिखे हुए शब्दों को बहुत वरीयता दी है.
आज भी अगर कोई व्यक्ति कुछ ऐसी बात कहता है जो हमारी समझ से परे है तो हम तत्काल पूछते हैं, “कहाँ लिखा है?” जैसे कहीं लिखा होना ही सच्चाई का प्रमाण है. और तस्वीरों के आने के बाद हमने वही वरीयता तस्वीरों को भी दी. हममे से बहुत से लोग अभी भी मानते हैं कि तस्वीरें झूठ नहीं बोलतीं.
लेकिन आज के समय में यह दोनों सबसे अधिक सच्चाई के स्त्रोत सबसे अधिक भ्रामक स्त्रोत बन गए हैं. और जब यह दोनों स्त्रोत मिल जाते हैं तब यह हमारे मन पर और अधिक प्रभाव डालते हैं, इसीलिए किसी प्रितिष्ठित व्यक्ति की तस्वीर के साथ लिखे हुए वाक्य पर हम शीघ्र विश्वास कर लेते हैं. जैसे हमने गांधीजी की तस्वीर के साथ कई बार लिखा देखा है: “ऍन ऑय फॉर अन ऑय मेक्स दि होल वर्ल्ड ब्लाइंड”. ये शब्द गांधीजी ने कभी नहीं कहे लेकिन हम करोणों लोगों ने इस तस्वीर को सही माना और शेयर किया है.
लिखे हुए शब्दों को सच मानने का एक कारण यह भी रहा है कि इन्टरनेट से पहले शब्दों को लिखने, उनको कागज़ पर छापने और फिर उसको लोगों तक पहुँचाने में बहुत समय और ऊर्जा लगती थी जिसके कारण उसके दुरूपयोग की सम्भावना कम थी जो कि इन्टरनेट और सोशल मीडिया के आने के बाद न्यूनतम हो गयी. आज इन्टरनेट के माध्यम से एक लेख लिखने और उसे करोणों लोगों तक पहुँचाने में बहुत कम समय और ऊर्जा लगती है.
पुराने समय में हमारे महापुरुष संदेह को हमेशा वरीयता देते रहे हैं और कहते रहे हैं कि हमें मानना नहीं जानना चाहिए फिर चाहे वो शाश्त्र ही क्यूँ न हों, लेकिन आज इस संदेह कि आवश्यकता और ज्यादा बढ़ गयी है. पहले बच्चों को किताबें दिलाने और उनको ही पढने और सच मानने पर जोर दिया जाता था क्यूंकि किताबें ही ज्ञान अर्जित करने का माध्यम थीं और वो भी हर किसी को उपलब्ध नहीं थीं, आज इन्टरनेट के कारण जब सारी तरह की जानकारी हमारे बच्चों को शीघ्र उपलब्ध है तब जरुरत है कि हम बच्चों को पढ़ाने का तरीका भी बदलें. आज बच्चों को किताबें देने और उनको पढ़ाने से ज्यादा ज़रूरी है कि उनको यह शिक्षा दी जाए कि कैसे वो इन्टरनेट पर लिखे सच और झूठ में फर्क कर पाएं, कैसे समझ पाएं कि कौनसा लेख विश्वसनीय हो सकता है और कौनसा भ्रामक और कैसे उन लोगों को पहचाना जा सकता है जिनका व्यापार ही सच को झूठ और झूठ को सच साबित करने का है. यह एक कठिन लेकिन महत्वपूर्ण कार्य है.
हमारे समाज में सत्य को बहुत महत्त्व दिया गया है और कुछ संतों ने तो ईश्वर, मोक्ष और सत्य को पर्यायवाची कहा है, मानव जीवन का उद्देश्य ही सत्य को प्राप्त कर लेना कहा गया है लेकिन अगर हम इन्टरनेट पर लिखे एक लेख के सत्य को ही नहीं समझ सकते तो अपने जीवन के सत्य को कैसे समझ पाएंगे. यह हमेशा एक दूरगामी स्वप्न रहा है लेकिन आज इस इन्टरनेट के युग में यह स्वप्न और दूर होता चला जा रहा है और इसके लिए हम सभी को प्रयास करने कि ज़रुरत है.

Comments

Popular posts from this blog

The curious case of EVM Hacking

खोजियों

DO vs BE